गुरुकुल कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में हुआ पौधारोपण
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 11 अगस्त। गुरुकुल कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर प्रधान कुलवन्त सैनी के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम हुआ जिसके तहत अधिकारियों ने रॉयल पॉम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर निदेशक व प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता, सह प्राचार्य शमशेर सिंह, आचार्य सत्यप्रकाश जी, संजीव आर्य, एन.एस.एस. अधिकारी सुनील कुमार, डीपीई देवीदयाल, नर्सरी इंचार्ज प्रमोद गिरी, लिपिक हरि कुमार व ओमप्रकाश भी उपस्थित रहे।
प्रधान कुलवंत सैनी ने कहा कि योगिराज श्रीकृष्ण के जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। पूरे विश्व में उनके जैसा नीतिकार कोई अन्य नहीं है। महाभारत के युद्ध में उनके द्वारा अर्जुन को दिये गये गीता-ज्ञान का लोहा पूरी दुनिया मानती है। कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर श्रीकृष्ण जी द्वारा दिये गया ‘गीता-ज्ञान’ पूरे विश्व की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के जीवन से हमें प्रेरणा लेकर सदैव परोपकार की भावना से कार्य करना चाहिए। सैनी ने कहा कि हम सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए भी वचनबद्ध होना चाहिए हमें यह सुनिश्चित्त करना होगा कि हर छोटे-बड़े अनुष्ठान से पूर्व अपने आसपास पेड़-पौधे लगायें और उनकी देखभाल भी करें ताकि भावी पीढ़ी को हम एक साफ-स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देकर जाएं।
कुलवन्त सैनी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पर्यावरण संतुलन के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। पेड़-पौधा के अलावा हमें जड़ी-बूटी व औषधीय गुण वाले पौधे भी अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित गुरुकुल के सभी पदाधिकारियों को विशेष दिवस जैसे जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ, विवाह आदि विभिन्न समारोह में पौधोरोपण अवश्य करने का संकल्प दिलाया।