खेलमंत्री संदीप सिंह के प्रयासों से हो रहा है परम्परागत खेलों का आयोजन
खेलमंत्री स्वयं दंगल और कबड्डी देखने के लिए पहुंचेंगें खेल मैदान में
वामन कुमार और वामन केसरी अवार्ड से नवाजे जाएंगे पहलवान
खिलाडिय़ों को 5 से 51 हजार तक के दिए जाएंगे नगद पुरस्कार
केडीबी और जिला खेल विभाग की बैठक में आयोजन की रुपरेखा तैयार
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। भारत की प्राचीन परम्परा और परंपरागत खेलों का अनोखा संगम कुरुक्षेत्र की धरा पर फिर से देखने को मिलेगा। इन दोनों का संगम वामन द्वादशी मेले-2021 में नजर आएगा। इस प्राचीन परम्परा के अनुसार सन्निहित सरोवर के पावन तट पर वामन द्वादशी मेला 16 व 17 सितम्बर को होगा और इसी दौरान थीम पार्क में दंगल व कबड्डी में युवाओं का जोश देखने का एक सुनहरी अवसर मिलेगा। अहम पहलू यह है कि मेले के दौरान दंगल और कबड्डी का आयोजन हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह के प्रयासों से किया जा रहा है। इतना ही नहीं खेल मंत्री स्वयं इन परंपरागत खेलों को देखने के लिए थीम पार्क में पहुंचेंगे। वामन द्वादशी मेला-2021 के बैनर तले कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में वामन कुमार और वामन केसरी कुश्ती दंगल और कबड्डी नेशनल स्टाइल ओपन का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी वीरवार को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया। इस मौके कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा और जिला खेल अधिकारी बलबीर सिंह, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य विजय नरूला, जिला कुश्ती संघ के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य राजेश शांडिल्य, कुश्ती कोच शमशेर सिंह और कबड्डी कोच जय भगवान उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस दंगल में पांच श्रेणी की कुश्तियां होंगी। इनमें 40, 50, 60 किलोग्राम वजन के खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। इन तीन श्रेणी के विजेता प्रथम खिलाड़ी को पांच हजार और द्वितीय खिलाड़ी को तीन हजार का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। वहीं 74 किलोग्राम वजन तक की श्रेणी वाले विजेता खिलाड़ी को वामन कुमार का प्रशस्ति पत्र और 15 हजार का नगद पुरस्कार और द्वितीय को 8 हजार नगद राशि का पुरस्कार वितरण होगा।
उन्होंने कहा कि वहीं दंगल में 74 किलोग्राम से ऊपर वजन की ओपन कुश्ती के लिए भी पहलवान अखाड़े में उतरेंगे। इन विजेता खिलाड़ी को वामन केसरी के प्रशस्ति पत्र के साथ 21 हजार और 11 हजार का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। जिला खेल विभाग के कबड्डी कोच जय भगवान ने बताया कि वामन द्वादशी मेले के अवसर पर थीम पार्क में इस बार कबड्डी नेशनल स्टाइल पुरुष ओपन की स्पर्धा होगी। इस खेल में एक टीम के 10 सदस्य भाग लेंगे। कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता प्रथम टीम को 51 हजार, द्वितीय 31 हजार और तृतीय टीम को 21 हजार की नगद राशि पुरस्कार स्वरुप दी जाएगी। जिला खेल अधिकारी बलबीर सिंह के मुताबिक सभी प्रतियोगिताएं 16 और 17 सितंबर को भारतीय कुश्ती संघ और भारतीय कबड्डी संघ के नियमानुसार होगी। उन्होंने बताया कि इन खेलों में कोई भी खिलाड़ी भागीदारी कर सकता है और दोनों खेलों के लिए एंट्री 16 सितंबर को सुबह 10 बजे तक थीम पार्क में होगी।