कुरुक्षेत्र में 21772 मरीज हो चुके है रिकवर, अब कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या का आंकड़ा हुआ शून्य
कुरुक्षेत्र में 6 अप्रैल 2020 को सैक्टर 7 से मिला था पहला कोविड केस
शून्य के आंकड़े को बरकरार रखने के लिए अभी लोगों को सतर्क रहने की जरुरत
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि कोरोना के संक्रमण से धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को 16 महीनों के बाद मुक्ति मिली है। इस जिले में सभी 21772 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की रिकवरी हो चुकी है और अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा शून्य है। इस जिले में इस स्थिति को बरकरार रखने के लिए लोगों को अभी भी सतर्क रहने की जरुरत है। इसके लिए सभी को कोविड-19 की गाइडलाइन की सख्ती से पालना करनी होगी। अहम पहलू यह है कि कुरुक्षेत्र में कोविड का पहला केस 6 अप्रैल 2020 को सैक्टर 7 से मिला था। इसके बाद कुरुक्षेत्र में 22128 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली, जिसमें से 21772 पॉजिटिव मरीज ठीक हो चुके है और 356 कोविड पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हो चुकी है।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट और बुलेटिन का अवलोकन करने के उपरांत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी के प्रयासों से कुरुक्षेत्र मंगलवार को कोरोना मुक्त हुआ है, लेकिन अभी भी इस स्थिति को बरकरार रखने की जरुरत है, यह तभी सम्भव हो पाएगा जब सभी लोग सख्ती से कोविड-19 की गाइडलाइन की पालना करेंगे। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र वासियों द्वारा लॉकडाउन को कोविड-19 के दिशा-निर्देशों और नियमों की दृढ़ता से पालना की है, जिसके कारण ही कुरुक्षेत्र को कोरोना मुक्त बनने में सफलता हासिल हुई है। अब तक कुरुक्षेत्र में 4 लाख 88 हजार 570 लोगों की कोविड रिपोर्ट नेगटिव आ चुकी है। कुरुक्षेत्र में अब तक 21772 कोविड मरीज ठीक होकर घर जा चुके है।
सीएमओ डा. संत लाल वर्मा ने कहा कि अभी तक लिए गए 512321 में से 488570 सैंपलों की रिपोर्ट नेगटिव आ चुकी है। इस जिले में पॉजिटिव केसों की रिकवरी में लगातार सुधार हो रहा है। जिले का रिकवरी रेट 98.39 पर है और सैंपल पॉजिटिव रेट घटकर 4.33 पर पहुंच गया है। इस प्रकार अब जिले में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या शून्य हो गई है। कुरुक्षेत्र में अलग-अलग स्वास्थ्य केन्द्रों पर आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 1852 सैम्पल लिए गए है, जिनमें आरटी पीसीआर के 1787 व रैपिड एंटीजन के 65 सैंपल शामिल है। मंगलवार को किसी भी व्यक्ति की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है और 1 कोविड मरीज को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया है। इस प्रकार अब तक 22128 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है और अब तक 21772 मरीज ठीक होकर घर जा चुके है। अब तक कोरोना पॉजिटिव 356 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। इस समय कुरुक्षेत्र में कोई भी कोविड पॉजिटिव मरीज नहीं है और कुरुक्षेत्र जिला पूर्णत: कोरोना मुक्त हो गया है।