महिला कांग्रेस अध्यक्ष की मांग चहेतों पर जनता की कमाई लुटाने की हो जांच
न्यूज डेक्स संवाददाता
पंचकूला। केंद्रीय हाउसिंग एवं अर्बन अफेयर्स द्वारा जारी की गई स्वच्छता रैंकिंग में पंचकूला के बुरी तरह पिछडऩे पर हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने करोड़ों के घोटाले की जांच की मांग की है। आज यहां जारी एक बयान में सुधा भारद्वाज ने कहा कि पिछले दो साल से स्थानीय विधायक एवं विधानसभा स्पीकर तथा नगर निगम के मेयर स्वच्छता अभियान के नाम पर करोड़ों रुपये की योजनाएं कागजों में चला रहे हैं। निगम में केवल ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल चल रहा है।
पंचकूला शहर को स्वच्छ व साफ बनाने के नाम पर अपने चहेतों को स्वच्छता योजनाओं के टेंडर दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद पंचकूला शहर 56वें स्थान से 99वें स्थान पर पहुंच गया है। प्रदेश स्तर पर भी पंचकूला तीसरे से स्थान से खिसक कर पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। सुधा भारद्वाज ने कहा कि दो साल में यहां सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन, रोड गली और सीवरेज सिस्टम तथा सार्वजनिक शौचाल्य व्यवस्था सही नहीं हो सकी है।
इसके लिए न केवल नगर निगम बल्कि विधानसभा के स्पीकर सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। स्वच्छता के नाम पर वाल पेंटिंग तथा शहर में चौराहों के सौंदर्यकर्ण के नाम दिए गए टैंडरों की जांच की मांग करते हुए सुधा भारद्वाज ने कहा कि आम जनता के खून-पसीने की कमाई को अपने चहेतों को लुटाया जा रहा है जबकि खुद केंद्र सरकार की एजेंसी ने ही पंचकूला निगम मेयर तथा विधायक द्वारा किए जाने वाले स्वच्छता के दावों फेल कर दिया है।
सुधा भारद्वाज ने कहा कि जिन अधिकारियों व कर्मचारियों पर पंचकूला को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी थी उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। पिछले कुछ समय से नगर निगम भ्रष्टाचार और राजनीति का अखाड़ा बन गया है। निगम के मेयर केवल कर्मचारियों के तबादले करवाने में व्यस्त हैं।