जयराम कन्या महाविद्यालय में रेड क्रॉस दिवस पर व्याख्यान का आयोजन
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र।देश के विभिन्न राज्यों में संचालित श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष एवं श्री जयराम शिक्षण संस्थान के चेयरमैन ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से ग्रामीण क्षेत्र की कन्याओं को शिक्षित करने के लिए गतिमान सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय लोहार माजरा में रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वाधान में रेड क्रॉस सेल द्वारा रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस से सहायक रेडक्रॉस सचिव रमेश चौधरी मुख्यातिथि के तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि जॉन हैनरी डिनैंट के जन्म दिवस 8 मई को हर साल वर्ल्ड रेड क्रॉस डे के तौर पर मनाया जाता है। रेड क्रॉस संस्था की शुरूआत जॉन हैनरी डिनैंट ने की थी। रेड क्रॉस के संस्थापक हेनरी डिनैंट को मानव सेवा के कार्यों के लिए साल 1901 में पहला शांति नोबेल पुरस्कार मिला था। रेड क्रॉस सोसायटी का मुख्य उद्देश्य युद्ध या विपदा के समय होने वाली कठिनाइयों से लोगों को राहत दिलाना है।
यह संस्था प्राथमिक सहायता, इमरजेंसी में मदद, स्वास्थ्य और समाज सेवा के अलावा शरणार्थं की सेवा करने में अहम योगदान देती है। इसमें अलावा यह संस्था ब्लड बैंक से लेकर कई तरह की सेवाओं में अपनी भूमिका अदा करता है। मुख्यातिथि ने बताया कि दुनिया के 200 से ज्यादा देश इस संस्था से जुड़े हुए हैं। रैड क्रॉस सोसायटी के 7 प्रमुख सिद्धांत है, जिनमें निष्पक्षता, मानवता, स्वतंत्रता, तटस्थता, एकता, स्वैच्छिक, सार्वभौमिकता शामिल है।
कोरोना काल में चाहे मास्क या ग्लब्स बांटने हो या फिर ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता हासिल करना हो, रेडक्रॉस कोरोना के खिलाफ उसी तरह अपनी सेवाएं दे रही हैं, जैसे वह युद्ध में देती है। प्राचार्या डा. सुदेश रावल ने कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान से छात्राओं में कार्य क्षमता एवं सहयोग की भावना उत्पन्न होती है। मानव सेवा, रक्तदान आदि की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कार्यक्रम की संयोजिका डा. सरोजिनी जमदग्नि को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।