न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। देशभर में अध्यात्म, योग, गौ संरक्षण, शिक्षा, विज्ञान एवं संस्कृत जयराम संस्थाओं के संचालक ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को उनके दिल्ली स्थित निवास स्थान पर आशीर्वाद दिया एवं 75 वर्ष का हो जाने पर शुभकामनाएं देते हुए लम्बी आयु की भी कामना की। जयराम संस्थाओं के मीडिया प्रभारी राजेश सिंगला ने कुरुक्षेत्र में बताया कि जयराम आश्रम के साथ हुड्डा का लगाव एवं प्रेम है। भूपेंद्र हुड्डा हरिद्वार में साथियों के साथ गंगा के तेज बहाव में बह गए थे तो जयराम आश्रम ने बचाव में सहयोग किया था। सिंगला ने कहा कि हुड्डा के जीवन में उस क्षण के बाद काफी परिवर्तन आया। आज भी जब जयराम संस्थाओं में आते हैं तो उस क्षण को याद करते हैं। हुड्डा का उस घटना के बाद का संकल्प था कि ईश्वर ने मुझे जो नया जीवन दिया है उसे लोगों की सेवा में लगा दूंगा। दिल्ली में ब्रह्मचारी ने हुड्डा को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी हमेशा समाजसेवा एवं जनकल्याण की प्रेरणा दी।