विधायक सुभाष सुधा ने शहर वासियों, गणमान्य लोगों ,कार्यकर्ताओं के साथ खेली सुखे रंग और फूलों की होली
होली मिलन समारोह में दिया पानी बचाने का संदेश
होली के रंग-बिरंगे रंग समाज में आपसी भाईचारा, उल्लास और उमंग के भरते है रंग
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र । गीता स्थली कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर होली पर्व से पहले बरसाना की तर्ज पर फूलों के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस होली उत्सव में बरसाना से बेहतरीन लोक कलाकार होली का पर्व मनाने के लिए विधायक सुभाष सुधा के प्रयासों से हरियाणा कला परिषद के माध्यम से आमंत्रित किए गए थे। इन कलाकारों ने बरसाना की तर्ज पर होली खेलकर सबका मन मोह लिया और झूमने पर मजबूर कर दिया। इतना ही नहीं हरियाणवी लोक कलाकारों ने अपने परंपरागत वाद्य यंत्रों से होली मिलन समारोह को यादगार बनाने का काम किया, वहीं राजस्थान के कलाकारों के कच्ची घोड़ी जैसे नृत्यों ने कुरुक्षेत्र की फिजा को रंग-बिरंगे रंगों से भरने का काम किया।
विधायक सुभाष सुधा के प्रयासों से रविवार को पिपली रोड पर स्थित एक निजी पैलेस जीवनोत्सव में आमजन के साथ होली खेलने के लिए होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस होली मिलन समारोह में विधायक सुभाष सुधा, उपायुक्त शांतनु शर्मा, सांसद नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, नप की निवर्तमान अध्यक्षा उमा सुधा, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा, भाजपा के जिलाध्यक्ष रवि बतान, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साहिल सुधा, हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय बसीन, जिला परिषद के वाईस चेयरमैन धर्मपाल चौधरी, मुकुंद लाल सुधा, दीवान सुधा, रविंद्र सांगवान, रामपाल पाली, विनित क्वात्रा, डा. सुरेंद्र मेहता, शशि सैनी, परमजीत कौर कश्यप, दीपक चौहान, रविंद्र सैनी सहित सरपंचों, पंचों, पूर्व पार्षदों सहित शहर के गणमान्य लोगों ने शिरकत करके बरसाना की तर्ज पर फूलों और सूखे रंगों के साथ होली खेली।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि होली के रंग-बिरंगे रंग समाज में आपसी भाईचारा, उल्लास और उमंग के रंग भरते है। यह रंगों पर्व देश का एक अनोखा त्यौहार है। इस त्यौहार में होलिका दहन के साथ ही नफरत और कटुता को भी खत्म करने का प्रण लिया जाता है ताकि समाज में भाईचारा व एकता की भावना का विकास हो सके। विधायक सुभाष सुधा ने स्वयं प्रत्येक नागरिक, कार्यकर्ता, लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ मीडिया कर्मियों को तिलक लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दी और सभी के साथ फूलों की होली का जश्न मनाया। इस जश्न में प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता और नेता झूमते हुए नजर आए। इस कार्यक्रम में हरियाणा कला परिषद की तरफ से हरि शंकर नागर द्वारा राजस्थानी कच्ची घोड़ी, लोक नृत्य, घोड़े पर बाहर झूमने वाले कलाकार अरुण कुमार, राजस्थानी स्टिक वॉकर के रुप में लोगों का मनोरंजन किया। इसके साथ ही जहां महबूब खान ने राजस्थानी बहरुपिये के रूप में लोगों को आकर्षित किया, वहीं हरियाणा बीन पार्टी के कलाकार हरपाल नाथ की टीम ने प्रदेश की पारम्परिक लोक संस्कृति को इस मंच पर अनोखे अंदाज में रखने का प्रयास किया।
विधायक सुभाष सुधा ने नगर वासियों को संदेश देते हुए कहा कि रंगों का त्योहार होली को आपसी भाईचारे और उल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए। भारतीय संस्कृति में त्योहारों का विशेष महत्व है। सभी त्यौहार सामाजिक सौहार्द का संदेश देते है, सभी को इस पर्व को आपस मिलकर मनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस पर्व पर नशे का सेवन करना चाहिए, एक-दूसरे के साथ मिलकर त्यौहार मनाना चाहिए। ऐसे में सभी जिलावासी इस वर्ष होली के अवसर पर उमंग व उत्साह के साथ होली की शोभा को बढ़ाए। इस मौके पर भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, समाज के गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, मीडिया कर्मी और हल्का वासी मौजूद थे।