न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 4 नवम्बर। रसायन शास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. ए.पाल ने विश्व स्तर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रसायन शास्त्र विभाग के वैज्ञानिक प्रोफेसर डॉ. ए. पाल विश्व के प्रमुख वैज्ञानिकों की सूची में शामिल है। हाल ही में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा जारी की गई विश्व के प्रमुख वैज्ञानिकों की सूची में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रसायनशास्त्र विभाग से सेवानिवृत्त प्रोफेसर ए. पाल का नाम शामिल है। इस सूची को बनाते समय इस बात का ख्याल रखा गया कि वैज्ञानिकों द्वारा प्रकाशित शोध पत्र कितने लोगों ने पढ़ा और समाज पर उसका कितना प्रभाव पड़ा।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में रसायन शास्त्र विभाग के सेवानिवृत्त पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर ए. पाल इस समय विभाग में ही सीएसआईआर प्रोफेसर एमेरिटस के पद पर हैं और अपने शोध कार्यों में निरंतर कार्यरत हैं। रसायन शास्त्र विभाग की वर्तमान विभागाध्यक्षा प्रोफेसर डॉ. नीरा राघव ने बताया कि विश्व के 1 लाख 59 हजार 684 वैज्ञानिकों में से प्रोफेसर पॉल का चयन हुआ है। प्रोफेसर ए. पाल ने केमिकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में 448 वां स्थान प्राप्त कर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है तथा अन्य वैज्ञानिकों को प्रेरित किया है। प्रोफेसर पॉल की इस उपलब्धि से रसायन शास्त्र विभाग के सभी शिक्षक गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। प्रोफेसर डॉ. नीरा राघव ने बताया कि प्रोफेसर ए. पाल 1990 से रसायन शास्त्र विभाग में कार्यरत हैं। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के 224 शोध पत्र प्रकाशित किए हैं तथा 19 शोध विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि प्रोफेसर डॉ. पाल ने जर्मनी, जापान, दक्षिण अफ्रिका व ट्यूनिशिया देशों में अपना व्याख्यान दिया है।