प्रतियोगिताओं के आयोजन से उभरती है बच्चों मे कला : डॉ किरण सिंह
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 15 नवंबर। उमंग समाज सेवी संस्था द्वारा आयोजित कौन बनाएगा सबसे सुंदर दीया प्रतियोगिता में हिसार जिले के हांसी की श्रुति शर्मा ने प्रथम स्हाथान हासिल किया है। द्वितीय स्थान पर कुरुक्षेत्र सेक्टर 13 से चौथी कक्षा की विद्यार्थी आराध्या रही। वहीं जोसन मोहल्ले के कार्तिक धीमान व गांव बारना निवासी अंजलि ने तीसरा स्थान हासिल किया है। प्रथम द्वितीय व तृतीय नामों की घोषणा शाहाबाद की एसडीएम डॉ. किरण सिंह ने की।
डॉ. किरण ने कहा की उमंग समाज सेवी संस्था द्वारा समाज को जागरूक करने के लिये सराहनीय कार्य किया जा रहा है। दीपावली के मौके पर कौन बनाएगा सबसे सुंदर दीया प्रतियोगिता आयोजित करना सराहनीय है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से जहां समाज में जागरूकता आती है वहीं बच्चों में कला भी उभर कर सामने आती है। डॉ. किरण सिंह ने कहा की उमंग संस्था द्वारा पहले भी इस प्रकार के कार्य किए जाते रहे हैं।
उमंग संस्था के अध्यक्ष देवीलाल बारना ने कहा कि संस्था द्वारा दीपावली के अवसर पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य रहा कि लोग दीपावली के मौके पर चाइनीज़ लड़ियों व लाइटों का प्रयोग न कर मिट्टी के दीयों का प्रयोग करें। मिट्टी के दिए जलाने से जहां पर्यावरण प्रदूषण नहीं फैलता वहीं मिट्टी के कारीगरों को भी काम मिलता है। भविष्य मे भी संस्था द्वारा इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा।
प्रतियोगिता की कोऑर्डिनेटर कविता कश्यप ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहने वाले को 700 रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 500 रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले दोनों प्रतिभागियों को 300-300 रुपये व प्रमाण पत्र भेंट किए जाएंगे। कविता कश्यप ने कहा की प्रतियोगिता में हरियाणा ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़, दिल्ली वे यूपी से भी सैंकडों दीये आए हैं। संस्था के सदस्य दर्शन ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय के अलावा दीयों की सुंदर सजावट करने वालों को प्रमाण पत्र भेजा जाएगा।