विश्व शांति एवं जनकल्याण के लिए श्री विष्णु महायज्ञ का आयोजन
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 26 नवंबर। नवग्रह धाम के संस्थापक एवं श्री स्थानेश्वर महादेव मंदिर कुरुक्षेत्र के महंत बंसी पुरी तथा अखिल भारतीय श्री मार्कण्डेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी ने कुरुक्षेत्र से शुक्रताल तीर्थ रवाना होते हुए बताया कि कुरुक्षेत्र के महान संत ब्रह्मलीन स्वामी उत्तम गिरी को शुक्रताल में मठ, मंदिरों तथा अखाड़ों से देशभर के संत महापुरुष श्रद्धांजलि देंगे। उन्होंने बताया कि स्वामी उत्तम गिरी के प्रयासों से ही शुक्रताल तीर्थ का नवनिर्माण हुआ।
महंत बंसी पुरी एवं महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि विगत कई वर्षों से शुक्रताल में कुरुक्षेत्र के कस्बा पिहोवा के श्री पृथ्वेश्वर महादेव मंदिर तथा दक्षिण काली पीठ द्वारा कार्तिक महीने के पुण्य अवसर पर भागवत कथा, श्री विष्णु महायज्ञ तथा संत महापुरुषों के विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस बार भी ध्वज पूजन के साथ प्रारम्भ हुआ महायज्ञ 30 नवम्बर तक चलेगा।
महंत बंसी पुरी ने बताया कि इसी तीर्थ स्थान पर विगत वर्ष में शनिधाम मंदिर तथा संतों के आवास के लिए कमरों का निर्माण किया गया है। यहां देशभर से आने वाले संतों के लिए निशुल्क भोजन एवं आवास की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि कार्तिक महीने को भगवान विष्णु का पवित्र महीना माना गया है। इस महायज्ञ में महंत रंगनाथ पुरी, स्वामी प्रणव पुरी, स्वामी महेश पुरी, स्वामी वैराग्य पुरी, लोकेश गिरी, जयानंद पुरी, आनंद पुरी तथा अनेकों संत महापुरुष शामिल हो रहे हैं।