*केंद्र और प्रदेश सरकार के अनेक मंत्री, विधायक सहित वरिष्ठ अधिकारीगण प्रीतिभोज में हुए शामिल*
*भाजपा सरकार आने से खुले दिल्ली में विकास के द्वार- नायब सिंह सैनी*
*दिल्ली की जनता ने भाजपा की नीतियों पर लगाई अपने समर्थन की मोहर: मुख्यमंत्री *
एनडी हिन्दुस्तान
चंडीगढ़ । हरियाणा के फरीदाबाद के सूरजकुंड में चल रहे 38 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले के दौरान रविवार को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा हरियाणा सरकार की ओर से बतौर मेज़बान राजहंस पर्यटन केंद्र में दोपहर भोज का आयोजन किया गया। इस मौके पर अनेक गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार के अनेक मंत्रियों, विधायकों और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारीगण ने सांझा प्रीतिभोज लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यटन केंद्र में रखे गए भोज के दौरान स्वयं उपस्थित विशिष्टजनों के पास जाकर उनका कुशल क्षेम पूछा। दोपहर भोज कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में घाना, मध्यप्रदेश, रशिया, इथोपिया, असम और कजाकिस्तान के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतरीन प्रस्तुति दी।
दिल्ली की जनता ने भाजपा की नीतियों पर लगाई अपने समर्थन की मोहर
भोज के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर अपने समर्थन की मोहर लगाते हुए ऐतिहासिक जनादेश दिया है। इससे अब दिल्ली के विकास का रास्ता खुल गया है। दिल्ली की जनता अब खुश है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में लागू की गई सभी योजनाओं का लाभ अब दिल्ली वासियों को प्रभावी रूप से मिलेगा, जिनसे वे कई सालों से वंचित रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हमेशा लोगों को बरगलाने का काम किया है। भारतीय जनता पार्टी को दिल्ली की जनता द्वारा दिए गए अपार समर्थन पर उत्साहित मुख्यमंत्री ने कहा कि केजरीवाल ने हमेशा झूठ बोलने का काम किया है, उसमें यमुना नदी की सफाई करने, हर घर स्वच्छ जल पहुंचाने, और नई सडक़ें बनाकर पेरिस बनाने आदि विभिन्न मामले शामिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आप पार्टी की झूठ को पहचानते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन में शामिल अरविंद केजरीवाल ने भी आयुष्मान जैसी महत्वाकांक्षी योजना से भी पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को वंचित रखा जबकि ऐसी कल्याणकारी योजनाएं हर वर्ग के लिए होती हैं। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गलत तरीके से युवाओं को विदेशों में भेजने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनके खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विदेश में रोजगार के लिए जाने वाले नागरिकों के लिए उचित व्यवस्था भी की गई है ताकि वे किसी भी प्रकार से ठगी का शिकार न हों।