रेंडमाइजेशन में करनाल नगर निगम, असंध नगर पालिका अध्यक्ष उप-चुनाव
इंद्री, तरावड़ी व नीलोखेड़ी नगर पालिका में पोलिंग पार्टियों को बूथ वाईज किया गया अलॉट
एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। स्थानीय निकाय चुनावों को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करवाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में निकाय चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों का तृतीय रैंडमाइजेशन किया गया। इस मौके पर नगर निकाय चुनाव के लिए चुनाव आयोग की तरफ से नियुक्त किए गए सामान्य ऑब्जर्वर मुनीष नागपाल भी उपस्थित थे। शुक्रवार को पोलिंग पार्टियों को बूथ वाइज रेंडमाइजेशन की गई। उन्होंने बताया कि रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया चुनाव आयोग के निर्देशानुसार की गई, जिसके तहत करनाल नगर निगम, असंध नगरपालिका अध्यक्ष उप-चुनाव, इंद्री, तरावड़ी, नीलोखेड़ी नगरपालिकाओं में पोलिंग पार्टियों को बूथ वाइज अलॉट किया गया। इस मौके पर सभी एआरओ तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे और उन्हें इसकी एक-एक फोटो कॉपी दी गई।
उन्होंने बताया कि नगर निगम करनाल के सभी वार्डों में कुल 265 बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा असंध में 22, इंद्री में 14, नीलोखेड़ी में 15 और तरावड़ी में 1 बूथ बनाया गया है, इन सभी क्षेत्रों के वार्डों में पोलिंग पार्टियों को पता चल पाएगा कि उन्हें किस बूथ पर जाना है, इसके बारे में उन्हें अवगत करवाया जाएगा तथा चुनाव प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।
इस अवसर पर एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार, नगराधीश मोनिका, एएमसी धीरज कुमार, डीटीपी सतीश कुमार, डीआईओ कमल त्यागी, एमडी शुगर मिल राजीव प्रसाद के अलावा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
क्या है रैंडमाइजेशन
चुनावों में पारदर्शिता बरतने के लिए भारत चुनाव आयोग की ओर से जारी एक ऑनलाईन सॉफ्टवेयर के जरिए रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की जाती है। चुनाव में प्राय: पोलिंग स्टाफ और ईवीएम की रैंडमाइजेशन की जाती है। यह एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें एक क्रमवार सूची को सॉफ्टवेयर से अक्रमिक कर सूची तैयार की जाती है, ताकि कोई भी राजनीतिक पार्टी चुनाव अधिकारियों द्वारा तैयार की गई सूची पर संदेह ना जताए। इसी कड़ी में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर रैंडमाइजेशन में पोलिंग पार्टियों को बूथ वाइज अलॉट कर दिया गया है।