एनडी हिन्दुस्तान
चण्डीगढ़। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में 4-5 अप्रैल, 2025 को ‘सिने फाउंडेशन, हरियाणा’ और ‘विश्व संवाद केंद्र, हरियाणा’ द्वारा द्वितीय ‘हरियाणा फिल्म महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर महोत्सव की स्मारिका का भी प्रकाशन होगा, जिसमें कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं और इसके महत्व को दर्शाया जाएगा।
इस फिल्म महोत्सव का मुख्य उद्देश्य हरियाणवी संस्कृति एवं भारतीय सभ्यता को सिनेमा के माध्यम से उजागर करना और कलाकारों को प्रोत्साहित करना है। सिनेमा को एक सशक्त माध्यम के रूप में मान्यता देते हुए, यह महोत्सव राष्ट्र की विभिन्न भाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधताओं को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास है। यह सांझी संवेदनाओं और मानवीय मूल्यों को प्रकट कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को प्रबल बनाने में सहायक होगा।
हरियाणा फिल्म महोत्सव न केवल स्थानीय कलाकारों के लिए एक व्यापक मंच प्रदान करेगा, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा। यह उत्सव राज्य की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने का एक अनूठा अवसर है।
हरियाणा के अनेक कलाकारों ने सिनेमा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है और इस महोत्सव के माध्यम से नए कलाकारों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। आयोजकों का विश्वास है कि यह फिल्म महोत्सव हरियाणा में सिनेमा को नई ऊंचाईयों तक ले जाएगा और दर्शकों को एक यादगार अनुभव प्रदान करेगा।